ट्रेन में बिना ईयरफोन वीडियो देखना या जोर से बोलना पड़ेगा महंगा, 1000 रुपये जुर्माना और 6 महीने की जेल का प्रावधान
यात्रा के दौरान अक्सर यह देखा जाता है कि बगल वाली सीट पर बैठा कोई यात्री बिना ईयरफोन लगाए ही तेज आवाज में रील्स देख रहा होता है या फिर जोर-जोर से फोन पर बात कर रहा होता है. इससे अन्य यात्रियों की नींद और सुकून दोनों प्रभावित होते हैं. लेकिन अब रेलवे ने इस दिक्कत से निपटने के लिए कमर कस ली है. पूर्व रेलवे ने स्पष्ट कर दिया है कि ट्रेन और स्टेशन परिसर में मोबाइल के जरिए शोर मचाना अब सीधे आपको हवालात पहुंचा सकता है. कोलकाता मुख्यालय वाले पूर्व रेलवे ने अपने सभी चार मंडलों को इस संबंध में सख्त निर्देश दिए हैं. रेलवे बोर्ड की एडवाइजरी के आधार पर जारी इस आदेश में कहा गया है कि स्टेशनों और ट्रेनों के भीतर मोबाइल फोन का जिम्मेदारी से उपयोग सुनिश्चित किया जाए. एक आधिकारिक बयान में पूर्व रेलवे के अधिकारी ने यह स्पष्ट किया कि स्पीकर मोड पर संगीत बजाना, वीडियो चलाना या फोन पर लंबे समय तक तेज आवाज में बात करना न्यूसेंस की श्रेणी में आता है. ऐसा करने वाले यात्रियों के खिलाफ अब सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी. यदि सफर के दौरान कोई यात्री दूसरों की शांति भंग करते हुए पाया जाता है, तो रेलवे सुरक्षा बल या टिकट चेकिंग स्टाफ ऐसे यात्री के विरुद्ध कार्रवाई कर सकता है. पूर्व रेलवे के मुताबिक, इस तरह की हरकतों पर रेलवे अधिनियम, 1989 की धारा 145 के तहत मामला दर्ज किया जा सकता है. इस कानून के तहत दोषी पाए जाने पर यात्री को 1,000 रुपये तक का जुर्माना भरना पड़ सकता है. इसके अतिरिक्त, 6 महीने तक की जेल की सजा भी हो सकती है, या फिर जुर्माना और जेल दोनों सजाएं एक साथ दी जा सकती हैं. भारतीय रेल में रोजाना करोड़ों लोग सफर करते हैं. रात के समय या लंबी दूरी की ट्रेनों में शोर शराबे को लेकर यात्रियों की तरफ से लगातार शिकायतें मिल रही थीं. खासतौर पर रील्स और वीडियो कॉल के बढ़ते चलन ने सहयात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है. इसी को देखते हुए रेलवे ने अब जुर्माने और सजा के प्रावधानों को सख्ती से लागू करने का फैसला किया है, ताकि हर यात्री बिना किसी मानसिक तनाव के अपना सफर पूरा कर सके.

एक्सएलआरआई के ‘मनी मंत्र’ कार्यशाला में 300 से अधिक लोगों को दी गई वित्तीय साक्षरता की जानकारी
सोनाली अडेसरा ने 16 घंटे में सैंड कलर से बनायी कृष्ण की रंगोली
देश में सबसे पहले महाकाल के आंगन में शुरू होगा दीपोत्सव
दिव्यांग अभ्यर्थियों के हक में हाईकोर्ट का फैसला, 3 सेकंड की देरी को आधार बनाकर नियुक्ति रद्द करने पर लगाई रोक
जिला प्रशासन की पहल से अनाथ बच्चे को मिला परिवार का स्नेह और संरक्षण, उपायुक्त ने दत्तक मां को सौंपा बच्चा
टाटा स्टील यूआईएसएल की ‘रिलाइफ’ पहल, अनपुयोगी घरेलू वस्तुओं को मिलेगा नया जीवन