सिंहभूम चैम्बर ने एसएसपी को सौंपे कानून-व्यवस्था व यातायात सुधार के सुझाव
सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (SCCI) ने शहर की कानून-व्यवस्था, यातायात व्यवस्था और नागरिक सुरक्षा को लेकर वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. एहतेशाम वकारिब को विभिन्न महत्वपूर्ण सुझाव सौंपे। बैठक में पुलिस उपाधीक्षक (सीसीआर) मनोज कुमार ठाकुर एवं बिष्टुपुर थाना प्रभारी निरंजन कुमार भी उपस्थित थे।
चैम्बर ने व्यापारियों एवं उद्यमियों की सुरक्षा, सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण, नो-पार्किंग क्षेत्रों में भारी वाहनों के परिचालन पर रोक, चोरी एवं आपराधिक घटनाओं की रोकथाम, आपात स्थिति में त्वरित पुलिस सहायता, सीसीटीवी कैमरों के प्रभावी इस्तेमाल और साइबर अपराध पर नियंत्रण सहित कई मुद्दे उठाए।
व्यापारिक क्षेत्रों में गश्ती बढ़ाने की मांग
चैम्बर ने व्यापारिक प्रतिष्ठानों, बाजारों और औद्योगिक क्षेत्रों में पुलिस गश्ती एवं निगरानी मजबूत करने पर जोर दिया। व्यापारियों से जुड़ी आपराधिक घटनाओं में त्वरित कार्रवाई, एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया को सरल बनाने तथा शिकायतों के समयबद्ध निष्पादन का सुझाव दिया गया।
सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर जोर
शहर में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी की मांग की गई। नो-पार्किंग क्षेत्रों में भारी वाहनों के परिचालन पर नियंत्रण और यातायात नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने का सुझाव दिया गया। दुर्घटना के बाद शुरुआती समय में त्वरित पुलिस एवं चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
सीसीटीवी और साइबर अपराध पर विशेष ध्यान
चैम्बर ने बाजारों, प्रमुख सड़कों और संवेदनशील इलाकों में सीसीटीवी निगरानी को मजबूत करने तथा उपलब्ध तकनीकी संसाधनों का बेहतर उपयोग करने की बात कही। बढ़ते साइबर अपराध को देखते हुए व्यापारियों एवं आम लोगों के बीच जागरूकता बढ़ाने और साइबर शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की आवश्यकता बताई गई। युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर रोक के लिए जागरूकता और पुलिस की सक्रियता बढ़ाने का भी सुझाव दिया गया।
त्योहारों को लेकर विशेष सुरक्षा व्यवस्था
एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने कहा कि शहर की कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विभिन्न संस्थाओं के साथ नियमित समीक्षा बैठक कर समस्याओं का समाधान किया जाएगा। आगामी पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती, नियमित मॉनिटरिंग और गश्ती बढ़ाई जाएगी। यातायात व्यवस्था में सुधार तथा अपराध नियंत्रण के लिए भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने चैम्बर के सुझावों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन देते हुए दुकानदारों से दुकानों के बाहर सामान रखकर सड़क और फुटपाथ को संकरा नहीं करने की अपील की। साकची बाजार में फुटपाथी दुकानदारों के अतिक्रमण से उत्पन्न समस्या के समाधान के लिए भी आवश्यक कदम उठाने की बात कही।
बैठक में चैम्बर सदस्यों और व्यवसायियों ने शहर की विभिन्न समस्याओं से जुड़े सवाल एवं सुझाव रखे, जिनका एसएसपी ने जवाब दिया। चैम्बर ने कहा कि शहर की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए पुलिस प्रशासन के साथ संवाद एवं सहयोग जारी रहेगा।
कार्यक्रम में अध्यक्ष मानव केडिया, मानद महासचिव पुनीत कांवटिया, उपाध्यक्ष अनिल मोदी, राजीव अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल गोल्डी, हर्ष बाकरेवाल, सचिव भरत मकानी, अंशुल रिंगसिया, बिनोद शर्मा, कोषाध्यक्ष सीए अनिल रिंगसिया, पूर्व अध्यक्ष विजय आनंद मूनका, विपिन अडेसरा, मनोज गोयल, चन्द्रकांत जटाकिया, मुकेश शर्मा, सतीश सिंह, संजय मिश्रा, अरूण अग्रवाल, प्रतीक अग्रवाल, पवन शर्मा समेत बड़ी संख्या में व्यवसायी, उद्यमी और चैम्बर सदस्य उपस्थित थे।

जेडएफ सीवीसीएस में 20 प्रतिशत बोनस समझौता, सितंबर के वेतन के साथ होगा भुगतान
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान 8 अक्टूबर को रांची आयेंगे
युवा केवल रोजगार मांगने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बनें: नितिन नवीन
भारत ने UN के नए वर्ल्ड मैप का समर्थन किया
झारखंड के मंत्री सुदिव्य कुमाार सोनू का निधन
भारत-चीन सीमा वार्ता का 25वां दौर ,बैठक बीजिंग में होगी