भागलपुर में बागीचे में दफनाई गई मिली लाश:बदबू आने पर खेलने गए बच्चों ने दी जानकारी
भागलपुर शहर के बरहपुरा स्थित विक्रमशिला कॉलोनी में मंगलवार शाम एक बगीचे से शव मिलने से इलाके में माहौल गरमा गया। जगन्नाथवली के बगीचे में करीब 2 फीट नीचे एक शव दबा हुआ मिला। बच्चों को तेज बदबू आने के बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने खुदाई शुरू करवाई। जमीन करीब दो फीट खोदने पर अंदर दबा शव सामने आ गया। शव मिलने के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। वार्ड नंबर 33 के प्रतिनिधि बंटी अली ने बताया कि शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच कुछ बच्चे बगीचे में खेल रहे थे। उन्हें एक जगह से तेज बदबू महसूस हुई। बच्चों ने इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी। शक होने पर 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, शव को एक बैनर जैसे कपड़े में लपेटकर जमीन में दबाया गया था। शव को जल्दी गलाने के लिए नमक और पाउडर डाले जाने की बात भी सामने आई है। स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि शव के हाथ और चेहरे पर चोट और कट के निशान थे।
हालांकि, इन सभी बातों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शव बरामद होने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर यह व्यक्ति कौन है और उसे यहां किसने दफन किया? क्या व्यक्ति की कहीं और हत्या करने के बाद शव को सुनसान बगीचे में लाकर छिपाया गया या मौत की कहानी कुछ और है?
स्थानीय लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोगों को आशंका है कि मृतक स्थानीय निवासी नहीं हो सकता और किसी वारदात के बाद शव को यहां लाकर छिपाया गया होगा। हालांकि पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है।फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के इलाकों में हाल में लापता हुए लोगों की जानकारी जुटाने के साथ शव की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की असली वजह सामने आने की उम्मीद है। इसके बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला हत्या का है, दुर्घटना का या फिर मौत के पीछे कोई दूसरी वजह है। बरहपुरा की इस बगीचे में जमीन के नीचे दबा शव मिलने से कई सवाल खड़े हो गए हैं। अब पुलिस की जांच इस सवाल का जवाब तलाश रही है कि आखिर मिट्टी के नीचे छिपा यह मौत का राज किसका है और इसे यहां तक पहुंचाने वाला कौन है।

3000 करोड़ के हवाला का पटना कनेक्शन:कार से मिले 30 लाख कैश, हिरासत में गुजरात के 3 कारोबारी; कोलकाता से बाय रोड p आए
भागलपुर विक्रमशिला सेतु पर फिर लगा भीषण जाम
मुजफ्फरपुर में NH-27 पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर की ढही शटरिंग, रात होने से टला बड़ा हादसा
बिहारवासियों के लिए बड़ी सौगात: अब सिर्फ 3 घंटे में तय होगी 282 किलोमीटर की दूरी, जानें पूरी डिटेल
पटना में पानी का छींटा पड़ने पर ‘खूनी खेल’, चाकूबाजी में पिता की मौत, बेटा घायल
461 करोड़ रुपये की सौगात: बिहार के शिक्षकों और कर्मचारियों को सम्राट चौधरी ने दी बड़ी राहत