पटना से मुजफ्फरपुर अब सिर्फ 1 घंटे का सफर: रैपिड रेल की तैयारी शुरू
पटना से मुजफ्फरपुर के बीच सफर को तेज और सुगम बनाने की दिशा में काम शुरू हो गया है। दोनों शहरों के बीच हाजीपुर के रास्ते क्षेत्रीय रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) कॉरिडोर विकसित करने की तैयारी है। इसके लिए वैकल्पिक विश्लेषण रिपोर्ट (एएआर) और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जा रही है।
इसकी जिम्मेदारी राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) को दी गई है। एनसीआरटीसी की टीम ने अध्ययन शुरू कर दिया है।
प्रस्तावित आरआरटीएस दिल्ली-एनसीआर में संचालित क्षेत्रीय रैपिड ट्रांजिट व्यवस्था की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। यह मेट्रो से अलग व्यवस्था होगी, जिसका उद्देश्य लंबी दूरी के यात्रियों को कम समय में एक शहर से दूसरे शहर तक पहुंचाना है। कॉरिडोर बनने से पटना, हाजीपुर और मुजफ्फरपुर के बीच आवागमन आसान होने के साथ ही तीनों क्षेत्रों के प्रमुख औद्योगिक इलाकों को भी बेहतर परिवहन सुविधा मिल सकेगी।
यात्रियों की संख्या के आधार पर तय होगा रूट
एएआर तैयार करने के दौरान सबसे पहले पटना, हाजीपुर और मुजफ्फरपुर के बीच रोजाना आवागमन करने वाले यात्रियों की संख्या का आकलन किया जाएगा। यह भी देखा जाएगा कि किन क्षेत्रों से सबसे अधिक यात्री मिल सकते हैं। यात्रियों की संभावित संख्या के आधार पर आरआरटीएस के रूट और स्टेशन तय किए जाएंगे।
इसके साथ ही जमीन की उपलब्धता, निर्माण लागत, तकनीकी विकल्प और मौजूदा यातायात दबाव का भी अध्ययन किया जाएगा। प्रस्तावित सोनपुर एयरपोर्ट तक आरआरटीएस की कनेक्टिविटी की संभावना का भी अध्ययन रिपोर्ट में शामिल किया जाएगा। नगर विकास विभाग के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार आरआरटीएस के स्टेशनों को पटना मेट्रो, रेलवे स्टेशनों, बस टर्मिनल और अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों से जोड़ने की संभावनाएं भी तलाशी जाएंगी।
इसका उद्देश्य एक ऐसा एकीकृत परिवहन नेटवर्क तैयार करना है, जहां यात्री आसानी से एक परिवहन माध्यम से दूसरे माध्यम पर पहुंच सकें। राज्य सरकार ने बिहार में आरआरटीएस के चार कॉरिडोर विकसित करने की दिशा में जुलाई में निर्णय लिया था। राज्य मंत्रिमंडल ने आठ जुलाई की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी थी।

मानसून ने बिहारवासियों को किया निराश: इस बार सामान्य से 32 प्रतिशत कम हुई मानसूनी बारिश
गंडक-बागमती का जलस्तर अब भी खतरे के पार, बाढ़ की मार झेल रहे लोगों की मुश्किलें बरकरार
पूरा इलेक्ट्रिक सामान जलकर राख, बाल-बाल बचे दुकानदार और ग्राहक; गोदाम में आग से सहमा पटना का चांदनी मार्केट
देश में गांधी के विचारों को आत्मसात कर देश को टुकड़े टुकड़े में बांटने की साजिश को असफल करने के लिये कम्युनिस्ट पार्टी सदैव तत्पर: अंबुज ठाकुर
नवगछिया से देवघर और सीमांचल का सफर होगा आसान, विक्रमशिला-कटरिया रेल लाइन के लिए 1163 करोड़ का टेंडर जारी
तीसरे दिन भी स्थिति असामान्य भागलपुर रूट की ट्रेनें डायवर्ट