कोडरमा के यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी, धनबाद-कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस का यहां होगा ठहराव
कोडरमा और आसपास के रेल यात्रियों के लिए दक्षिण भारत का सफर अब पहले से आसान होने वाला है। रेलवे ने धनबाद और कोयम्बत्तूर के बीच नई अमृत भारत एक्सप्रेस चलाने की घोषणा की है। खास बात यह है कि इस ट्रेन का ठहराव कोडरमा स्टेशन पर भी होगा। इससे व्यापारियों, छात्रों और इलाज के लिए दक्षिण भारत जाने वाले मरीजों को सीधी और सुविधाजनक रेल कनेक्टिविटी मिलेगी।
गाड़ी संख्या 22363 धनबाद-कोयम्बत्तूर अमृत भारत एक्सप्रेस 22 अगस्त से प्रत्येक शनिवार धनबाद से शाम 4:10 बजे रवाना होगी और शाम 6:02 बजे कोडरमा पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन गया, डीडीयू, जबलपुर, नागपुर और विजयवाड़ा समेत कई प्रमुख स्टेशनों से होते हुए सोमवार शाम 6:30 बजे कोयम्बत्तूर पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 22364 कोयम्बत्तूर-धनबाद अमृत भारत एक्सप्रेस 25 अगस्त से प्रत्येक मंगलवार कोयम्बत्तूर से सुबह 7:50 बजे चलेगी। यह ट्रेन गुरुवार सुबह 10:25 बजे कोडरमा पहुंचेगी और यहां से आगे रवाना होकर दोपहर 1 बजे धनबाद पहुंचेगी।
नई अमृत भारत एक्सप्रेस में कुल 22 एलएचबी कोच लगाए गए हैं। इनमें यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 11 सामान्य द्वितीय श्रेणी, 8 शयनयान श्रेणी, एक पैंट्री कार और दो एलएसएलआरडी कोच शामिल हैं।
ट्रेन अपने सफर के दौरान गोमो, पारसनाथ, हजारीबाग रोड, कोडरमा, गया, अनुग्रह नारायण रोड, डेहरी ऑन सोन, सासाराम, भभुआ रोड, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज छिवकी, जबलपुर, नागपुर, बल्लारशाह, वारंगल, विजयवाड़ा, गुडूर, काटपाडी, जोलारपेट्टै और ईरोड जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी।
इस ट्रेन के शुरू होने से कोडरमा के यात्रियों को दक्षिण भारत के कई बड़े शहरों तक पहुंचने के लिए बेहतर रेल विकल्प मिलेगा। खासकर कोयम्बत्तूर और रास्ते में पड़ने वाले प्रमुख शहरों की यात्रा करने वाले लोगों के लिए यह सेवा काफी उपयोगी साबित हो सकती है।

अमित शाह ने झारखंड बीजेपी को ‘मिशन 2026’ का मंत्र आक्रामक राजनीति पर ज़ोर
रांची यूनिवर्सिटी में PhD की निगरानी होगी सख्त, हर 6 महीने जमा करनी होगी प्रोग्रेस रिपोर्ट
21वीं मेजर ध्यानचंद जिला हॉकी चैंपियनशिप की सिमडेगा में 29 अगस्त से शुरुआत
स्कूल से निकला छात्र 12 दिन बाद भी नहीं लौटा, परिजनों ने पुलिस से मांगी मदद
झारखंड मौसम अपडेट कई इलाकों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी
कोयले से भरी मालगाड़ी की बोगी में लगी आग