एक्सएलआरआई के ‘मनी मंत्र’ कार्यशाला में 300 से अधिक लोगों को दी गई वित्तीय साक्षरता की जानकारी
एक्सएलआरआई (जेवियर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट), जमशेदपुर की ओर से सोशल फाइनेंस पाठ्यक्रम के तहत ‘मनी मंत्र’ नामक वित्तीय साक्षरता कार्यशाला का आयोजन किया गया। दो घंटे तक चली इस कार्यशाला में 300 से अधिक लोगों ने भाग लिया। इनमें संस्थान के करीब 180 कैंपस सहयोगी कर्मचारी और बिजनेस मैनेजमेंट (बीएम) तथा ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट (एचआरएम) के 140 से अधिक छात्र शामिल थे।
प्रो. एचके प्रधान के नेतृत्व में आयोजित इस पहल का उद्देश्य कैंपस में कार्यरत कर्मचारियों को वित्तीय प्रबंधन, बचत, बीमा, पेंशन और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना था। इसके साथ ही छात्रों को समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्गों की वित्तीय चुनौतियों को करीब से समझने का अवसर मिला।
कार्यशाला की तैयारी के तहत छात्रों ने सफाईकर्मियों, माली, रसोइया, प्लंबर, इलेक्ट्रिशियन, सुरक्षाकर्मियों तथा हाउसकीपिंग, रखरखाव और मेस में कार्यरत कर्मचारियों के बीच सर्वे किया था। इसमें उनकी बचत की आदतों, भविष्य की वित्तीय योजनाओं, स्वास्थ्य संबंधी खर्चों के लिए आर्थिक तैयारी, बीमा और वृद्धावस्था पेंशन की जानकारी तथा सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता का आकलन किया गया।
सर्वेक्षण में सामने आया कि अधिकांश कर्मचारी ठेकेदारों के माध्यम से कार्यरत हैं और उनका वेतन भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के खातों, जिनमें जनधन खाते भी शामिल हैं, के माध्यम से मिलता है। हालांकि, बैंक खाता होने के बावजूद कई कर्मचारी उपलब्ध वित्तीय सुविधाओं और योजनाओं का नियमित एवं प्रभावी उपयोग नहीं कर पा रहे हैं।
कार्यशाला के दौरान छात्रों ने कर्मचारियों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर एटीएम और रुपे कार्ड के इस्तेमाल, नियमित बचत, रिकरिंग डिपॉजिट (आरडी), बीमा, वृद्धावस्था पेंशन योजनाओं और जिम्मेदारी के साथ कर्ज लेने की जानकारी दी। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (पीएमजेजेबीवाई), प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (पीएमएसबीवाई) और आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (पीएम-जेएवाई) के बारे में भी जागरूक किया गया।
इस अवसर पर झारखंड साइबर सिक्योरिटी सेल के प्रतिनिधि कुणाल राजा और श्रीनिवास कुमार ने प्रतिभागियों को ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, साइबर सुरक्षा और सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग के तरीकों की जानकारी दी।
प्रो. एचके प्रधान ने कहा कि वित्तीय समावेशन का अर्थ केवल लोगों का बैंक खाता खुलवाना नहीं, बल्कि उन्हें वित्तीय सेवाओं का सही इस्तेमाल करने में सक्षम बनाना है, ताकि उनके जीवन स्तर में सुधार हो सके। छात्रों को यह समझना जरूरी है कि कई बार कागज पर उपयोगी दिखने वाली वित्तीय योजनाएं व्यवहार में लोगों के लिए उपयोगी क्यों साबित नहीं हो पातीं। इसके लिए उनकी वास्तविक जरूरतों और व्यवहार संबंधी चुनौतियों को समझना आवश्यक है।
कार्यशाला में एक्सएलआरआई दिल्ली के डीन (प्रशासन एवं वित्त) फादर एल्विन रोड्रिग्स, बिजनेस एथिक्स के चेयर प्रोफेसर फादर जोसेफ मैथ्यू, प्रो. हिमांशु शेखर और एक्सएलआरआई जमशेदपुर के प्रो. त्रिलोचन त्रिपाठी भी उपस्थित थे।
एक्सएलआरआई के द्वितीय वर्ष के छात्र चैतन्य झुनझुनवाला ने कहा कि प्रबंधन शिक्षा की सबसे महत्वपूर्ण सीख उन लोगों और समुदायों से सीधे जुड़कर मिलती है, जिनकी सेवा के लिए विद्यार्थी अपने ज्ञान का उपयोग करना चाहते हैं।
संस्थान की इस पहल से छात्रों को किताबी ज्ञान को सामाजिक वास्तविकताओं से जोड़ने और वित्तीय समावेशन की चुनौतियों को समझने का अवसर मिला।

सोनाली अडेसरा ने 16 घंटे में सैंड कलर से बनायी कृष्ण की रंगोली
देश में सबसे पहले महाकाल के आंगन में शुरू होगा दीपोत्सव
दिव्यांग अभ्यर्थियों के हक में हाईकोर्ट का फैसला, 3 सेकंड की देरी को आधार बनाकर नियुक्ति रद्द करने पर लगाई रोक
जिला प्रशासन की पहल से अनाथ बच्चे को मिला परिवार का स्नेह और संरक्षण, उपायुक्त ने दत्तक मां को सौंपा बच्चा
टाटा स्टील यूआईएसएल की ‘रिलाइफ’ पहल, अनपुयोगी घरेलू वस्तुओं को मिलेगा नया जीवन
वाराणसी में गंगा के ऊपर आसमान में वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने दिखाया करतब