बाबा मंदिर क्षेत्र में मिलावटखोरों पर कार्रवाई, 42.5 किलो संदिग्ध पेड़ा कराया गया नष्ट
राजकीय श्रावणी मेला-2026 के दौरान बाबा बैद्यनाथ मंदिर परिसर और आसपास खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावट के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। बुधवार को हुई जांच में 42.5 किलोग्राम संदिग्ध पेड़ा नष्ट कराया गया, जबकि खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने पर तीन प्रतिष्ठानों पर मौके पर ही जुर्माना लगाया गया।
उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देश पर अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी सह अभिहित अधिकारी की निगरानी में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब (एमएफटीएल) के माध्यम से पेड़ा दुकानों, होटलों और भोजनालयों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की।
अभियान के दौरान गंगा साह पेड़ा भंडार, गणेश पेड़ा भंडार, बैद्यनाथ पेड़ा भंडार, अन्नपूर्णा पेड़ा भंडार, महावीर पेड़ा भंडार, श्री गंगा साह पेड़ा भंडार, बाबा पेड़ा भंडार, मां अन्नपूर्णा भोजनालय, अजय भोजनालय और शिव होटल एंड रेस्टोरेंट सहित कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान पेड़े के कुल 45 नमूनों की जांच की गई, जिनमें 42 नमूने मानकों पर खरे उतरे, जबकि तीन नमूने संदिग्ध पाए गए। इसके बाद 42.5 किलोग्राम संदिग्ध पेड़ा तत्काल नष्ट करा दिया गया।
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों का उल्लंघन मिलने पर गंगा साह पेड़ा भंडार, श्री गंगा साह पेड़ा भंडार और शिव होटल एंड रेस्टोरेंट पर दो-दो हजार रुपये का ऑन-द-स्पॉट जुर्माना लगाया गया। साथ ही सभी कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 का पालन करने और केवल मानक अनुरूप खाद्य सामग्री की बिक्री सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
विभाग ने सभी पेड़ा विक्रेताओं को खोवा, पेड़ा और पनीर की प्रत्येक खेप की आयोडीन टिंचर से जांच करने के निर्देश दिए हैं। यदि किसी उत्पाद में स्टार्च या अन्य मिलावट की आशंका हो तो उसकी बिक्री नहीं करने को कहा गया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि भविष्य में मिलावट या खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर संबंधित प्रतिष्ठानों का लाइसेंस रद्द करने सहित खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि श्रावणी मेला समाप्त होने तक बाबा बैद्यनाथ मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की नियमित निगरानी जारी रहेगी, ताकि देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।

फंदे से झूलता मिला छात्रा का शव, जांच में जुटी पुलिस
ED ने झारखंड राज्य सहकारी बैंक ‘धोखाधड़ी’ मामले में 7 जगहों पर छापेमारी की
झारखंड में चार दिनों के लिए बारिश का अलर्ट
झारखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज: तीन दिनों तक झमाझम बारिश के आसार, सभी जिलों में वज्रपात का अलर्ट
अब झारखंड में नहीं भटकेगा एक भी मरीज! स्वास्थ्य विभाग की नई व्यवस्था से 4 घंटे के भीतर मिलेगा ब्लड
राशन व्यवस्था के लिए ₹172.73 करोड़ जारी किए गए