झारखंड में बदला मौसम का मिजाज, मॉनसून फिर सक्रिय; पांच दिन बारिश के संकेत
झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है और मॉनसून के सक्रिय होने के संकेत मिल रहे हैं। उत्तर ओडिशा और आसपास के झारखंड क्षेत्र में बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और उससे लगे छत्तीसगढ़ की तरफ बढ़ गया है। इसके असर से झारखंड में अगले पांच दिनों तक मौसम बदला हुआ रह सकता है। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहने के साथ कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, 13 अगस्त को कोल्हान क्षेत्र के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने राज्य के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ वज्रपात की आशंका को लेकर अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना भी जताई गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के रांची केंद्र के मुताबिक, 13 अगस्त तक राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।
पूर्वानुमान के अनुसार, 10 से 12 अगस्त के बीच झारखंड के कई इलाकों में बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। 13 अगस्त को एक या दो बार हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान दक्षिणी झारखंड के कोल्हान इलाके में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। रविवार को पलामू में सबसे ज्यादा करीब 44 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा जगन्नाथपुर में 27.5 मिमी, कांके में 22.2 मिमी, लोहरदगा में 19.2 मिमी, कोलेबिरा में 18.8 मिमी और खरसावां में 18.4 मिमी बारिश हुई।
मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए बारिश के दौरान लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। खासकर वज्रपात और तेज हवा की स्थिति में खुले स्थानों पर जाने से बचने की जरूरत है।

झारखंड में छात्रों का आंदोलन बढ़ा, सीबीआई जांच की मांग पर अड़े
झारखंड में भर्ती परीक्षाओं को लेकर छात्रों का आंदोलन जारी
चाइबासा में 10 लाख के इनामी माओवादी ने सरेंडर किया
अपात्र राशन कार्ड पर सरकार सख्त, 25 अगस्त तक होंगे निरस्त, लाभुकों पर होगी कार्रवाई
खतरे के निशान के करीब कांके डैम का जलस्तर, रूक्का का रेडियल गेट कभी भी खुलने की संभावना
झारखंड उच्च न्यायालय से आया बड़ा फैसला, महासचिव की हुई बड़ी जीत, अब होंगे 109 सदस्य शामिल