मैट्रिक-इंटर विशेष परीक्षा के रिजल्ट का इंतजार जल्द होगा खत्म, अगले महीने आएगा परिणाम
झारखंड में मैट्रिक-इंटर की संपूरक, इंप्रूवमेंट और विशेष परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों का इंतजार जल्द खत्म होने वाला है। इन परीक्षाओं का रिजल्ट अगले महीने के अंत तक जारी किया जा सकता है। मैट्रिक की परीक्षा बुधवार को समाप्त हो जाएगी, जबकि इंटर की परीक्षा 14 अगस्त तक चलेगी। इस साल संपूरक और इंप्रूवमेंट परीक्षा के साथ विशेष परीक्षा भी आयोजित की गई है।
दरअसल, 2026 की मैट्रिक-इंटर परीक्षा के दौरान राष्ट्रीय स्तर की स्कूली खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित हो रही थीं। कुछ विद्यार्थी अंडर-17 और अंडर-19 राष्ट्रीय फुटबॉल व हॉकी टीम के लिए चयनित हुए थे। खेल प्रतियोगिताओं में शामिल होने के कारण ये विद्यार्थी मुख्य परीक्षा में शामिल नहीं हो सके थे। ऐसे विद्यार्थियों के लिए स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने जैक को विशेष परीक्षा आयोजित करने का निर्देश दिया था।
विभाग के निर्देश के बाद जैक की ओर से विशेष परीक्षा आयोजित की गई। अब संपूरक, इंप्रूवमेंट और विशेष परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन इसी महीने के अंत तक शुरू होने की उम्मीद है। जैक ने उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए केंद्रों का निर्धारण कर लिया है। परीक्षकों की प्रतिनियुक्ति को लेकर जिलों को पत्र भी भेज दिया गया है। सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को मूल्यांकन की जरूरी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया गया है। मैट्रिक और इंटर की इन परीक्षाओं में कुल 20 हजार से अधिक परीक्षार्थी शामिल हुए हैं। मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद रिजल्ट जारी करने की तैयारी की जाएगी।
वहीं, मदरसा और मध्यमा परीक्षा 2026 का रिजल्ट भी अगले महीने जारी किया जाएगा। दोनों परीक्षाएं पूरी हो चुकी हैं। मदरसा परीक्षा में 10 हजार से अधिक परीक्षार्थी शामिल हुए थे। इसकी उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूरा हो चुका है। वहीं, मध्यमा की कॉपियों का मूल्यांकन अभी जारी है और इसे इसी महीने पूरा कर लिया जाएगा। ऐसे में मैट्रिक-इंटर की संपूरक, इंप्रूवमेंट व विशेष परीक्षा के साथ मदरसा और मध्यमा परीक्षा का रिजल्ट भी अगले महीने जारी किए जाने की तैयारी है।

झारखंड में भर्ती परीक्षाओं को लेकर छात्रों का आंदोलन जारी
झारखंड के कई जिलों में 13-14 अगस्त को भारी बारिश का अलर्ट, जानें कहां होगी बारिश
रांची सदर अस्पताल में एक्स-रे स्टाफ के साथ मारपीट, हाथ में आई गंभीर चोट
झारखंड में छात्रों का आंदोलन बढ़ा, सीबीआई जांच की मांग पर अड़े
झारखंड में बदला मौसम का मिजाज, मॉनसून फिर सक्रिय; पांच दिन बारिश के संकेत
झारखंड में भर्ती परीक्षाओं को लेकर छात्रों का आंदोलन जारी