गुरु नानक देव जी का 556वां प्रकाशोत्सव झारखंड में धूमधाम से मनाया गया
झारखंड की राजधानी रांची सहित पूरे राज्य में गुरु नानकदेव जी का 556वां प्रकाशोत्सव श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। रांची में पीपी कंपाउंड स्थित गुरु नानक हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में गुरुग्रंथ साहिब का भव्य दीवान सजा, जहां राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मत्था टेका। राज्यपाल ने कीर्तन कार्यक्रम में भाग लेकर गुरुबाणी का श्रवण किया और लंगर में प्रसाद ग्रहण किया। उन्होंने कहा कि गुरुनानक देव जी ने मानव समाज को सत्य, करुणा, सेवा, समानता और सद्भाव का महान संदेश दिया। उनके उपदेश मानवता और आपसी भाईचारे को सुदृढ़ करने की प्रेरणा देते हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन के साथ समारोह में पहुंचे। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी के विचार सामाजिक एकता और मानवता की भावना को मजबूत करते हैं। सोरेन ने कहा, “गुरु नानक देव जी सिर्फ सिख समाज ही नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उनके आदर्शों पर चलकर सशक्त समाज का निर्माण संभव है।” मुख्यमंत्री ने सिख समुदाय और राज्यवासियों को प्रकाश पर्व तथा कार्तिक पूर्णिमा की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष ज्योति सिंह मथारू, गुरु गोविंद सिंह पब्लिक स्कूल के प्रेसिडेंट रणजीत सिंह हैप्पी, गुरुद्वारा मेन रोड रांची के सचिव गगनदीप सिंह सेठी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम में नगर कीर्तन और शबद कीर्तन से वातावरण गुंजायमान रहा। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि पूरे दिन श्रद्धालुओं के लिए लंगर की व्यवस्था की गई। प्रकाशोत्सव के मौके पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। पूरे परिसर को रोशनी और फूलों से सजाया गया। हजारीबाग, धनबाद, जमशेदपुर, गिरिडीह सहित राज्य के अन्य जिलों में भी प्रकाशोत्सव पर दीवान सजे और शोभायात्राएं निकाली गईं।

कई जिलों में भारी बारिश के आसार, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
कौन हैं आर्यन केल्विन? झारखंड के धनबाद से निकलकर सोशल मीडिया पर ‘एल्गोरिदम किंग’ बनने वाले अमन पंडित की पूरी कहानी
झारखंड में शिक्षा क्रांति की ओर बड़ा कदम मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक हजार बयालीस नए शिक्षकों को सौंपे नियुक्ति पत्र, सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में सुधार पर जोर
देवघर जिला प्रशासन की अनोखी पहल विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले में भीड़भाड़ वाले रास्तों के लिए पहली बार तैनात होंगी ‘टोटो’ एम्बुलेंस
सीबीएसई निविदा विसंगतियों को उजागर करने वाले रांची के छात्र सार्थक सिद्धांत ने लॉन्च किया सरकारी टेंडर ट्रैकिंग पोर्टल ‘सार्थक सिद्धांत डॉट कॉम’
झारखंड कंबाइंड एंट्रेंस एग्ज़ाम अब 26 जुलाई को होगा