कांवड़ यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा, हजारीबाग से चलेगी श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन
सावन के महीने में हजारीबाग के शिवभक्तों के लिए रेलवे ने बड़ी सुविधा शुरू की है। बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए रांची-भागलपुर श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन (08646/08645) का परिचालन शुरू हो गया है। इस ट्रेन के शुरू होने से जलाभिषेक के लिए जाने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
यह स्पेशल ट्रेन बरकाकाना और हजारीबाग टाउन स्टेशन के रास्ते भागलपुर तक जाएगी। पहली बार जब यह ट्रेन हजारीबाग टाउन स्टेशन पहुंची तो स्थानीय लोगों और शिवभक्तों ने इसका उत्साह के साथ स्वागत किया। स्टेशन परिसर में श्रद्धालुओं का उत्साह देखने को मिला।
सप्ताह में चार दिन होगा ट्रेन का संचालन
रेलवे के शेड्यूल के अनुसार, ट्रेन संख्या 08646 रांची-भागलपुर श्रावणी मेला स्पेशल 27 जुलाई 2026 से 11 सितंबर 2026 तक प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को चलेगी।
वहीं, ट्रेन संख्या 08645 भागलपुर-रांची स्पेशल 28 जुलाई 2026 से 12 सितंबर 2026 तक प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को संचालित होगी। पूरे सावन के दौरान यह ट्रेन दोनों दिशाओं में कुल 14-14 फेरे लगाएगी।
यह ट्रेन रांची, मुरी, बरकाकाना, हजारीबाग टाउन, तिलैया, कोडरमा, गया और सुल्तानगंज समेत कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी। इससे हजारीबाग के साथ-साथ आसपास के जिलों के श्रद्धालुओं को भी सीधा फायदा मिलेगा।
तीन साल की मांग के बाद शुरू हुई रेल सेवा
हर साल हजारीबाग और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा बैद्यनाथ धाम जल चढ़ाने जाते हैं। सीधी ट्रेन सुविधा नहीं होने के कारण यात्रियों को अब तक बस या निजी वाहनों पर निर्भर रहना पड़ता था।
इस समस्या को देखते हुए भाजपा नेत्री शेफाली गुप्ता पिछले तीन वर्षों से रेल मंत्रालय के सामने इस ट्रेन की मांग उठा रही थीं। इसके बाद अब यह सुविधा शुरू की गई है।
20 कोच के साथ चलेगी स्पेशल ट्रेन
ट्रेन के पहले दिन यात्रियों की संख्या कम रही, लेकिन आने वाले दिनों में भीड़ बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। यात्रियों ने रेलवे से मांग की है कि इस ट्रेन को केवल सावन महीने तक सीमित न रखा जाए, बल्कि पूरे साल संचालित किया जाए।
गौरतलब है कि पहले यह ट्रेन 14 कोच के साथ चलती थी, लेकिन इस बार यात्रियों की सुविधा को देखते हुए इसमें 6 अतिरिक्त कोच जोड़े गए हैं। अब यह ट्रेन कुल 20 कोच के साथ संचालित हो रही है।

झारखंड पुलिस के सामने 16 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण; ₹39 लाख के इनामी 6 नक्सली भी शामिल
झारखंड SIR में छह लाख से ज़्यादा मृत मतदाता दर्ज
साइबर स्कैम में रांची के तीन लोगों से ₹19 लाख की धोखाधड़ी
झारखंड में IMD ने 24 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट किया जारी
जेएसएससी फील्ड वर्कर परीक्षा में अभ्यर्थियों की कम उपस्थिति पर विवाद देर से मिले एडमिट कार्ड और दूर दराज परीक्षा केंद्रों पर उठे सवाल
झारखंड में मलेरिया को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट