जमशेदपुर में बाढ़ का खतरा बढ़ा, उफान पर खरकई और सुवर्णरेखा; प्रशासन अलर्ट
जमशेदपुर और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही बारिश के कारण बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। खरकई और सुवर्णरेखा नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। बिगड़ते हालात को देखते हुए प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी किया है।
सुबह 8 बजे जारी रिपोर्ट के मुताबिक, आदित्यपुर पुल के पास खरकई नदी का जलस्तर खतरे के निशान 129 मीटर से 4.85 मीटर ऊपर पहुंच गया। वहीं, मानगो पुल के पास सुवर्णरेखा नदी का जलस्तर खतरे के निशान 121.50 मीटर से 0.80 मीटर ऊपर दर्ज किया गया है।
लगातार बढ़ते जलस्तर के बीच चांडिल डैम, गांजिया बैराज और गालूडीह बैराज से पानी छोड़ा जा रहा है। इससे निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ का खतरा और बढ़ गया है।
सुबह 8 बजे के अपडेट के अनुसार, चांडिल डैम का जलस्तर 179.84 मीटर दर्ज किया गया, जबकि डैम में कुल 462.30 एमसीएम पानी जमा है। डैम के 6 रेडियल गेट, 2 इमरजेंसी स्लुइस गेट और 2 रिवर स्लुइस गेट खोलकर 347.09 क्यूमेक्स पानी नदी में छोड़ा जा रहा है। इसके अलावा 29.26 क्यूमेक्स पानी कैनाल में प्रवाहित किया जा रहा है।
गांजिया बैराज का जलस्तर 139.50 मीटर दर्ज किया गया है। बैराज के सभी 13 गेट पूरी तरह खोल दिए गए हैं। यहां से 5049.73 क्यूमेक्स पानी का भारी डिस्चार्ज किया जा रहा है, जिससे निचले इलाकों में पानी फैलने की आशंका बढ़ गई है।
वहीं, गालूडीह बैराज का जलस्तर 92.60 मीटर दर्ज किया गया है। बैराज के 8 स्लुइस गेट और 3 कैनाल गेट खोलकर कुल 3622.92 क्यूमेक्स पानी छोड़ा जा रहा है।
बाढ़ के बढ़ते खतरे को देखते हुए जमशेदपुर बाढ़ सेल ने पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन के साथ-साथ राज्य आपदा प्रबंधन सेल, रांची को भी तत्काल सूचना भेज दी है।
प्रशासन ने तटीय और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। साथ ही, लोगों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।

JPSC और JSSC को लेकर छात्रों का आक्रोश
हजारीबाग में होमगार्ड बहाली में पैसों का खेल! मोबाइल से मिली अभ्यर्थियों की लिस्ट, जवान पर कार्रवाई तय
झारखंड में भर्ती परीक्षाओं को लेकर छात्रों का आंदोलन जारी
मैट्रिक-इंटर विशेष परीक्षा के रिजल्ट का इंतजार जल्द होगा खत्म, अगले महीने आएगा परिणाम
झारखंड के कई जिलों में 13-14 अगस्त को भारी बारिश का अलर्ट, जानें कहां होगी बारिश
रांची सदर अस्पताल में एक्स-रे स्टाफ के साथ मारपीट, हाथ में आई गंभीर चोट