झारखंड के मौसम में बदलाव, आज कई जिलों में बारिश-वज्रपात और तेज हवा का अलर्ट
झारखंड के अलग-अलग हिस्सों में अगले कई दिनों तक बादल, बारिश, तेज हवा और वज्रपात की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. मौसम केंद्र , रांची की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक आज यानी 9 मई को राज्य के कई जिलों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है. इसके साथ ही तेज हवा, गर्जन और वज्रपात को लेकर विशेष अलर्ट जारी किया गया है.
मौसम केंद्र के अनुसार आज राज्य के मध्य भाग के जिलों रांची, हजारीबाग, बोकारो, रामगढ़, कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद और खूंटी में कहीं-कहीं गर्जन के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. इन इलाकों में ओलावृष्टि और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है. मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है.
वहीं राज्य के बाकी हिस्सों में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा. दक्षिणी झारखंड के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां जिलों के साथ-साथ उत्तर-पूर्वी झारखंड के देवघर, दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में भी कहीं-कहीं गर्जन के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और वज्रपात होने की संभावना जताई गई है.
मौसम केंद्र का कहना है कि राज्य में फिलहाल वातावरण में नमी बनी हुई है, जिसकी वजह से बादल बनने की प्रक्रिया लगातार जारी है. यही कारण है कि अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा. आज राज्य के अधिकांश हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है और कई जगहों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है.लगातार बादल और बारिश की गतिविधियों का असर तापमान पर भी देखने को मिलेगा. मौसम केंद्र के अनुसार अगले दो दिनों तक अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. यानी लोगों को फिलहाल तेज गर्मी से कुछ राहत मिलती रहेगी. हालांकि इसके बाद अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है.

रांची विश्वविद्यालय में हिंदी में पीएचडी की सबसे ज्यादा मांग, इसके बाद इतिहास, इंग्लिश और इकोनॉमिक्स में भी सीटों से अधिक आवेदन
झारखंड बीजेपी का ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से शुरू होगा
झारखंड में खनिज वाहनों के लिए लागू होगा इंटर स्टेट ट्रांजिट पास
SIR में घर-घर जाकर सत्यापन के दौरान तीन लोग अपनी नागरिकता साबित नहीं कर पाए
फर्जी दस्तावेजों के सहारे 19 विदेशियों ने हासिल किया भारतीय पासपोर्ट, जमशेदपुर से 9 मामले सामने आए
झारखंड में 4 लाख से ज़्यादा राशन कार्ड सस्पेंड किए गए