भोजपुर में दिनदहाड़े फायरिंग, बाइक सवार 3 अपराधियों ने दुकानदार को मारी गोली; जेवर और कैश लूटा
भोजपुर जिले के सिकरहटा थाना क्षेत्र में सोमवार की देर शाम करीब सात बजे हथियारबंद अपराधियों ने लूटपाट के दौरान दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे एक आभूषण दुकानदार को गोली मार दी।
घटना देव बाजार और कुरमुरी गांव के बीच नहर मार्ग पर हुई। गोली दुकानदार के दाएं तरफ गर्दन में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। अपराधी बैग, दुकान की चाबी और सोना-चांदी के आभूषण लूटकर फरार हो गए।
प्रारंभिक जांच में अपाचे बाइक पर सवार तीन अपराधियों के वारदात में शामिल होने की बात सामने आई है। जख्मी दुकानदार की पहचान सिकरहटा थाना क्षेत्र के कुरमुरी गांव निवासी स्व. शिव दयाल साह के 33 वर्षीय पुत्र भोला साह के रूप में हुई है।
वे देव बाजार में आभूषण की दुकान चलाते हैं। गोली लगने के बाद उन्हें डायल-112 की पुलिस टीम ने तत्काल तरारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए आरा रेफर कर दिया। बाद में उन्हें आरा के बाबू बाजार स्थित डाक्टर विकास सिंह के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जाता है कि भोला साह हर रोज की तरह सोमवार की देर शाम देव बाजार स्थित अपनी आभूषण दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे।
इसी दौरान देव बाजार और कुरमुरी गांव के बीच नहर मार्ग पर अपाचे बाइक सवार तीन हथियारबंद अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। अपराधियों ने लूटपाट के दौरान उनके दाहिनी तरफ गर्दन में गोली मार दी।
इसके बाद उनके पास मौजूद बैग, दुकान की चाबी तथा सोना-चांदी के गहने लेकर फरार हो गए। गोली लगने के बाद भोला साह किसी तरह फतेहपुर बाजार तक पहुंचे, जहां वह सड़क पर गिर पड़े। घटना की सूचना मिलते ही सिकरहटा थानाध्यक्ष सनोज कुमार और पीरो एसडीपीओ कन्हैया कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास जांच की और अपराधियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापामारी शुरू कर दी है। पुलिस लूटे गए आभूषणों की कीमत का भी आकलन कर रही है।
सिकरहटा थानाध्यक्ष सनोज कुमार ने बताया कि जख्मी युवक आभूषण दुकानदार हैं और दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान अपराधियों ने उन्हें गोली मारी है।
प्रथमदृष्टया लूटपाट के उद्देश्य से गोली मारे जाने की बात सामने आ रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अपराधियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।

बिहार: 13 ज़िलों में 29 लाख से ज़्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित
मिनी गन फैक्ट्री का उद्भदन, चार धराये