रांची में गैलेक्सिया मॉल स्थित पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी
झारखंड की राजधानी रांची में एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से पुलिस और प्रशासन अलर्ट हो गया है। इस बार ग्लैक्सिया मॉल में स्थित पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है।
जानकारी के अनुसार, अज्ञात अपराधियों ने ईमेल के माध्यम से धमकी भरा संदेश भेजा, जिसमें रातू रोड स्थित पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की बात कही गई। धमकी भरा मेल मिलने के बाद पुलिस तत्काल सक्रिय हो गई।
कोतवाली पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) प्रकाश सोय के नेतृत्व में पुलिस टीम और बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) मौके पर पहुंचा और पूरे परिसर की जांच शुरू कर दी। पुलिस और बीडीएस टीम ने पासपोर्ट कार्यालय के अंदर और आसपास के पूरे इलाके की बारीकी से तलाशी ली। मॉल परिसर के अलग-अलग हिस्सों में भी सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कुछ समय के लिए इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई। हालांकि, कई घंटों तक चली जांच के दौरान कहीं से भी कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई। इसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली, लेकिन मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच जारी रखी गई है।
पुलिस अब उस ईमेल की तकनीकी जांच कर रही है, जिसके जरिए धमकी दी गई थी। साइबर टीम की मदद से मेल भेजने वाले व्यक्ति की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। डीएसपी ने बताया कि पूरे परिसर की जांच की गई है और मामले की तकनीकी जांच जारी है।

हाथियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए झारखंड में तीन नए कॉरिडोर की पहचान
झारखंड के कॉलेजों में छात्र-छात्राओं को मिलेगी बड़ी राहत, हर कैंपस में स्थापित होगा हेल्थ सेंटर
विस्थापितों के आंदोलन से बीएसएल (BSL) का कामकाज प्रभावित, हाईकोर्ट की प्रशासन को दो-टूक चेतावनी
रांची में 28 से 30 अक्टूबर तक भारी बारिश की संभावना
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन आज पहुंचेंगे रांची, प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में होंगे शामिल
झारखंड की आदिवासी महिला फूल कुमारी की सफलता 100 चूजों से शुरू किया कारोबार, अब सालाना 2.23 लाख रुपये की शुद्ध कमाई