अभिनेता अन्नू कपूर ने ओम पुरी पर निकाली भड़ास
अभिनेता अन्नू कपूर ने हाल ही में अपनी निजी जिंदगी से जुड़ा एक बेहद भावुक खुलासा किया है। एक इंटरव्यू में उन्होंने दिवंगत अभिनेता ओम पुरी पर अपनी बहन सीमा कपूर की जिंदगी बर्बाद करने का आरोप लगाया। अन्नू कपूर ने कहा कि ओम पुरी जितने बड़े कलाकार थे, निजी जीवन में उतने ही जटिल इंसान भी थे। उन्होंने कहा कि एक भाई होने के नाते वह अपनी बहन के साथ हुए विश्वासघात को आज तक नहीं भूल पाए हैं।
अन्नू कपूर ने बताया कि सीमा कपूर और ओम पुरी का रिश्ता कई वर्षों की दोस्ती के बाद शादी तक पहुंचा था, लेकिन यह विवाह ज्यादा समय तक नहीं चल सका। उनके अनुसार शादी के कुछ ही महीनों बाद सीमा को ओम पुरी के किसी दूसरी महिला से संबंधों के बारे में पता चला, जिससे उनका रिश्ता टूट गया। अन्नू ने कहा कि जब ओम पुरी जीवन के कठिन दौर से गुजर रहे थे, तब भी उनकी बहन ने उनका साथ दिया, लेकिन यह बात उन्हें भीतर तक तकलीफ देती रही कि जिसने उनकी बहन को दर्द दिया, उसी का सहारा भी उनकी बहन बनीं।
अन्नू कपूर ने यह भी कहा कि उनके मन में आज किसी के लिए नफरत नहीं है, लेकिन बहन के संघर्षों की कसक अब भी बाकी है। उन्होंने कहा कि समय बीत जाने के बावजूद एक भाई का दर्द खत्म नहीं होता। हालांकि उन्होंने यह भी बताया कि वह ओम पुरी के परिवार, उनके बेटे और पूर्व पत्नी के लिए हमेशा अच्छी कामना करते हैं। अन्नू कपूर के इस बयान ने एक बार फिर फिल्म जगत की उस निजी कहानी को सामने ला दिया है, जो लंबे समय तक परदे के पीछे छिपी रही।

जल्द पूरी होगी ‘पंचायत 5’ की शूटिंग : फैसल मलिक
ब्रांड्स की पहली पसंद नहीं बन पाईं तापसी, बताई वजह
बॉक्स ऑफिस पर तीन सौ करोड़ की कमाई करने वाली सूर्या और तृषा की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘करुप्पु’ बारह जून को अमेज़न प्राइम वीडियो पर होगी रिलीज़
अल्लू अर्जुन और लोकेश कनगराज की फिल्म पर संकट के संकेत
फिल्म संस्था ने ‘डॉन 3’ से हटने को लेकर रणवीर सिंह पर लगा ‘प्रतिबंध’ हटाया
येलो-ग्रीन एथनिक लुक में छाई अभिनेत्री तृप्ति डिमरी