झारखंड के कई जिलों में 13-14 अगस्त को भारी बारिश का अलर्ट, जानें कहां होगी बारिश
बंगाल की खाड़ी में एक बार फिर निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से झारखंड के कई हिस्सों में 13 अगस्त से बारिश का दौर शुरू हो सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, 12 अगस्त को पूरे राज्य में आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर बारिश भी हो सकती है।
13 अगस्त को सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसांवा में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं, राज्य के अन्य जिलों में बादल छाए रह सकते हैं और कुछ जगहों पर हल्की बारिश देखने को मिल सकती है।
14 अगस्त को मौसम और खराब हो सकता है। रांची समेत नौ जिलों में वज्रपात के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इनमें खूंटी, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसांवा शामिल हैं। बाकी जिलों में भी बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। 15 अगस्त को भी रांची समेत राज्य के कई जिलों में बारिश होने की संभावना है।
सोमवार को राज्य में सबसे ज्यादा बारिश हजारीबाग में 17 मिमी रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा जमशेदपुर में आठ मिमी, बोकारो में पांच मिमी, रांची और चाईबासा में तीन-तीन मिमी तथा लातेहार में दो मिमी बारिश दर्ज हुई।
आंकड़ों के मुताबिक, झारखंड में एक जून से 10 अगस्त 2026 तक सामान्य बारिश 607.4 मिमी होनी चाहिए थी, जबकि इस अवधि में अब तक 477 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। वहीं, रांची में सामान्य से नौ प्रतिशत कम बारिश हुई है। यहां इस अवधि में सामान्य बारिश 627.8 मिमी है, जबकि अब तक 573 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
पश्चिमी सिंहभूम राज्य का एकमात्र जिला है, जहां सामान्य से 20 प्रतिशत अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। यहां एक जून से 10 अगस्त तक सामान्य बारिश 600.7 मिमी है, जबकि अब तक 719.5 मिमी बारिश दर्ज हो चुकी है।

झारखंड में होमगार्ड के 772 पदों के लिए इस तारीख से शुरू होंगे आवेदन
झारखंडः सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में घुसी तेज रफ्तार कार, मंत्री की बेटी सहित 4 युवाओं की मौत
झारखंड में करमा विसर्जन के दौरान कोयल नदी में 5 युवक डूबे, 4 के शव बरामद