राज्य को सूचना दिए बिना दामोदर वैली कॉर्पोरेशन ने छोड़ा पानी
बिना राज्य को पूर्व सूचना दिए दामोदर वैली कॉर्पोरेशन यानी डीवीसी द्वारा छोड़े गए अतिरिक्त पानी से बंगाल के कई जिलों में बाढ़ का खतरा गहराता जा रहा है। पश्चिम मेदिनीपुर पहले ही जलमग्न होने लगा है और अब घाटाल के कई इलाके भी डूबने लगे हैं। इस संकट की घड़ी में डीवीसी की एकतरफा कार्रवाई को लेकर नबन्ना ने कड़ा ऐतराज जताया है। शुक्रवार रात 11 बजे से शनिवार सुबह तक दुर्गापुर बैराज से 70,475 क्यूसेक पानी छोड़ा गया।
राज्य सरकार का दावा है कि बार-बार अनुरोध के बावजूद डीवीसी ने राज्य को जानकारी दिए बिना पानी छोड़ दिया, जिससे हावड़ा, हुगली और पूर्व बर्धमान जिलों में बाढ़ का गंभीर खतरा पैदा हो गया है। डीवीसी का तर्क है कि झारखंड में भारी बारिश के कारण मायथन और पंचेत डैम में जलस्तर बहुत तेजी से बढ़ा, जिसकी वजह से मजबूरन ज्यादा पानी छोडऩा पड़ा। इसके चलते निम्न दामोदर और मुंडेश्वरी नदियों में जलस्तर और बढऩे की आशंका है। इधर, राज्य बिजली विभाग ने बताया कि शिलाबती नदी में जलस्तर बढऩे से मेदिनीपुर और घाटाल डिविजऩ के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई थी, हालांकि गर्बेता 1 व 2 नंबर ब्लॉक तथा चंद्रकोणा टाउन में अब बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी गई है। घाटाल ब्लॉक में युद्धस्तर पर काम जारी है। इस बीच लालगढ़ थाना अंतर्गत नेपुरा इलाके में दर्दनाक हादसा हुआ।
जानकारी के अनुसार, 55 वर्षीय खुदीराम पात्र, जो बांकुड़ा के सारेंगा ब्लॉक के माजुरा गांव से कांसाबती नदी तैरकर लालगढ़ के बलरामपुर गांव की ओर आ रहे थे, तेज बहाव में बह गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों को फोन कर बाढ़ की स्थिति पर सतर्क रहने के निर्देश दिए। बताया जा रहा है कि शनिवार रात डीवीसी ने जल छोडऩे की गति कुछ हद तक कम की है, लेकिन बाढ़ की आशंका पूरी तरह टली नहीं है। राज्य सरकार ने डीवीसी को चेतावनी देते हुए कहा है कि भविष्य में बिना जानकारी दिए इस तरह पानी छोडऩे की कार्रवाई को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

आरबीआई गवर्नर ने आर्थिक संकेतकों के आधार वर्ष में संशोधन का किया स्वागत
IMD ने कहा कि छह जिलों में मौसम बहुत ज़्यादा ठंडा रहेगा
कोयला तस्करी मामले में ईडी ने बंगाल और झारखंड में 40 से ज्यादा जगहों पर छापेमारी की
BLO के लिए SIR ट्रेनिंग पूरे बंगाल में शुरू
उत्तर बंगाल आपदा: मृतकों की संख्या 39 पहुंची
झारखंड समाचार: झारखंड के मंत्री हफीजुल अंसारी की तबीयत बिगड़ी, एयर एंबुलेंस से दिल्ली के मेदांता अस्पताल में भर्ती