नेपाली सेवा समिति में सत्यनारायण पूजा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित, मेधावी बच्चे भानुभक्त आचार्य पुरस्कार से सम्मानित
गोलमुरी स्थित नेपाली सेवा समिति परिसर में मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा के शुभ अवसर पर श्री श्री सत्यनारायण पूजा एवं नेपाली पारंपरिक सांस्कृतिक नृत्य-संगीत कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाज के लोगों ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ पूजा-अर्चना की और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया।
कार्यक्रम के दौरान समाज के मेधावी बच्चों को शिक्षा, खेलकूद, नृत्य-संगीत एवं कला के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए नेपाली आदिकवि भानुभक्त आचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सम्मानित अतिथियों समाजसेवी टीके राय, उमेश गुरुंग, अमित सिंघानिया एवं केके बिल्डर की डायरेक्टर रश्मि सिंह ने बच्चों को पुरस्कार प्रदान किए। उल्लेखनीय है कि भानुभक्त आचार्य ने रामायण का नेपाली भाषा में अनुवाद कर नेपाली साहित्य को समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। इसके अलावा समिति की ओर से समाज के पूर्व वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं सक्रिय सदस्यों को भी उनके कार्यकाल के दौरान निःस्वार्थ भाव से किए गए समाजसेवा के कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन केंद्रीय कमिटी के महासचिव शंकर थापा ने किया। सांस्कृतिक सचिव ज्योति अधिकारी के निर्देशन में बच्चों ने आकर्षक नेपाली पारंपरिक नृत्य एवं संगीत की प्रस्तुति दी। स्वागत भाषण दुर्गा पूजा कमिटी के अध्यक्ष अशोक कुमार ने दिया।
इस अवसर पर केंद्रीय कमिटी के अध्यक्ष विजय कुमार दमाई ने उपस्थित लोगों को कार्तिक पूर्णिमा एवं श्री श्री सत्यनारायण पूजा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म में पूजा-अनुष्ठान केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से समाज को अपनी संस्कृति एवं संस्कारों से जुड़ने का अवसर मिलता है। ऐसे आयोजन आपसी एकता, भाईचारे और सामाजिक एकजुटता का संदेश देते हैं। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान समाज के लोगों के बीच वैवाहिक परिचय का अवसर भी उपलब्ध कराया जाता है। कार्यक्रम को सफल बनाने में केंद्रीय कमिटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों, परिषद के चेयरमैन एवं सदस्यों, युवा टीम तथा आजीवन सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी।

हिल टॉप स्कूल में तीन दिवसीय जंबोरी 2026 का शुभारंभ
वापसी करने वाले यात्रियों के लिए DMRC का बड़ा कदम, अब सुबह सवा पांच बजे से मिलेगी मेट्रो
उपायुक्त व वरीय पुलिस अधीक्षक ने छठ घाटों का किया निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश
मिर्जापुर रेल प्रोजेक्ट : तीसरी लाइन का काम चल रहा था, अचानक धंस गई मिट्टी
धनतेरस पर जमशेदपुर में 500 करोड़ के पार रहने का अनुमान: कैट
होंडा बनी देश की नंबर-1 टू-व्हीलर कंपनी, हीरो मोटोकॉर्प से छिन गया शीर्ष ताज