टाटा स्टील व एपीएल अपोलो के प्रमोटर्स ने भारत में स्टील ट्यूब और कलर कोटेड उत्पादों का एक बड़ा कारोबार खड़ा करने के लिए व्यापक समझौता किया; लक्ष्य 1.55 करोड़ टन उत्पादन क्षमता हासिल करना
टाटा स्टील ने आज भारत में स्टील ट्यूब और कलर कोटेड शीट्स के वैल्यू-एडेड डाउनस्ट्रीम कारोबार को मजबूत करने की दिशा में बड़ी पहल की घोषणा की। कंपनी ने एक व्यापक रणनीतिक योजना के तहत कई समझौते किए हैं। इनमें APL अपोलो को अपने स्टील ट्यूब और कलर कोटेड कारोबार की बिक्री, APL अपोलो में प्रमोटर्स की पूरी 26.6% हिस्सेदारी का अधिग्रहण और SG टेक इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड (SG स्पेक्ट्रा) के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) शामिल है। SG स्पेक्ट्रा, APL अपोलो के प्रमोटर ग्रुप से जुड़ी कंपनी है। इसके साथ देशभर में मॉड्यूलर आधार पर 50 लाख टन क्षमता वाले कलर कोटेड उत्पादों के विशेष कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरिंग प्लांट स्थापित किए जाएंगे, ताकि भारत में कलर कोटेड उत्पादों के बढ़ते बाजार का लाभ उठाया जा सके। APL अपोलो भारत की प्रमुख स्टील ट्यूब कंपनियों में से एक है, जिसकी मौजूदा क्षमता 50 लाख टन है और इन कारोबारों में विस्तार की कई परियोजनाएं चल रही हैं।
नियामकीय मंजूरियां मिलने और टाटा स्टील के ओपन ऑफर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद, दोनों कारोबारों के एकीकरण से APL अपोलो की कुल स्टील ट्यूब और कलर कोटेड उत्पादों की क्षमता 75 लाख टन हो जाएगी। इसके साथ कंपनी के पास विविध उत्पादों की मजबूत रेंज, बाजार की जरूरतों के अनुसार तेजी से निर्णय लेने की क्षमता, देशभर में व्यापक उपस्थिति, उत्पादन की प्रतिस्पर्धी लागत और पूंजी के बेहतर इस्तेमाल की क्षमता होगी। इससे कंपनी को बेहतर मुनाफे और तेजी से विकास की मजबूत संभावनाएं मिलेंगी।
इस कंपनी की योजना आने वाले कुछ वर्षों में स्टील ट्यूब कारोबार की क्षमता 30 लाख टन और कलर कोटेड उत्पादों की क्षमता 50 लाख टन बढ़ाने की है। इसके साथ कंपनी दुनिया की अग्रणी स्टील ट्यूब निर्माताओं में से एक और कलर कोटेड उत्पादों की एक प्रमुख कंपनी बनने का लक्ष्य रखती है। टाटा स्टील और APL अपोलो को अधिक क्षमता उपयोग, उत्पादन संबंधी बाधाओं को दूर करने, परियोजनाओं के विकास, उपकरणों एवं सामग्री की खरीद तथा डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क और क्षमताओं के विस्तार से भी लाभ मिलेगा। इससे APL अपोलो ट्यूब्स के पहले से मजबूत एबिटडा मार्जिन में और सुधार होगा।पारंपरिक निवेश और एसेट-लाइट (कम पूंजी निवेश वाले) विकास मॉडल के साथ-साथ प्रीमियम उत्पादों पर ध्यान केंद्रित करते हुए, APL अपोलो का संयुक्त कारोबार विकास, मूल्यवर्धन और निवेशित पूंजी पर उच्च रिटर्न (ROCE) हासिल करने के लिए काम करेगा। एसेट-लाइट विकास को SG टेक इंजीनियरिंग के साथ हुए समझौते के माध्यम से आगे बढ़ाया जाएगा। इसके तहत आने वाले कुछ वर्षों में देशभर में अलग-अलग स्थानों पर मॉड्यूलर आधार पर 50 लाख टन कलर कोटेड उत्पादों की क्षमता विकसित की जाएगी। यह विशेष कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरिंग व्यवस्था के तहत होगा। SG टेक इंजीनियरिंग द्वारा अगले 24 महीनों में पहले 10 लाख टन क्षमता स्थापित करने की उम्मीद है।
टाटा स्टील के लिए अब APL अपोलो, स्टील ट्यूब और कलर कोटेड उत्पादों के डाउनस्ट्रीम कारोबार में विकास को आगे बढ़ाने का प्रमुख माध्यम होगी। नई APL अपोलो ट्यूब्स प्राइवेट लिमिटेड का लक्ष्य वर्ष 2035 तक अपनी कुल उत्पादन क्षमता बढ़ाकर 1.55 करोड़ टन करना है। इसमें लगभग 90 लाख टन स्टील ट्यूब और 65 लाख टन कलर कोटेड उत्पादों की क्षमता शामिल होगी। APL अपोलो ट्यूब्स के साथ इस एकीकरण से दोनों कंपनियों की संयुक्त क्षमताओं का लाभ मिलेगा, उत्पादन क्षमता का बेहतर उपयोग होगा, नए व्यावसायिक अवसरों का लाभ उठाया जा सकेगा और मुनाफे में वृद्धि होगी।
इस समझौते पर प्रतिक्रिया देते हुए टाटा स्टील के CEO एवं MD, श्री टी. वी. नरेंद्रन ने कहा, “हम APL अपोलो और उसके प्रमोटर्स के साथ इस व्यापक समझौते पर पहुंचकर बेहद ख़ुश हैं। इसके माध्यम से हम भविष्य के लिए एक मजबूत डाउनस्ट्रीम कारोबार तैयार कर रहे हैं, जिसमें बाजार की जरूरतों के अनुसार तेजी से काम करने की क्षमता, विकास की मजबूत संभावनाएं और पूंजीगत एवं परिचालन लागत का बेहतर फ्रेमवर्क होगा। इससे बढ़ते भारतीय बाजार की जरूरतों को प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सकेगा। यह रणनीतिक कदम स्टील ट्यूब और कलर कोटेड कारोबार को टाटा स्टील के स्वामित्व के तहत एकजुट करने के साथ-साथ दोनों कंपनियों के बीच कई तरह की व्यावसायिक तालमेल की संभावनाओं को भी साकार करेगा। इससे ग्राहकों पर अधिक ध्यान, देशभर में व्यापक पहुंच और उत्पादों की पूरी रेंज के माध्यम से सभी हितधारकों के लिए मूल्य सृजित होगा। हम अपने साझेदारों के साथ इस रोमांचक सफर को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं।”
टाटा स्टील के ईडी व सीएफओ कौशिक चटर्जी ने कहा कि पिछले एक वर्ष के दौरान हमने वैल्यू-एडेड कारोबार में तेजी से विकास करने और ऑर्गेनिक एवं इनऑर्गेनिक, दोनों तरीकों से अपने डाउनस्ट्रीम कारोबार का विस्तार करने की रणनीतिक मंशा स्पष्ट की है। टिनप्लेट और हॉट रोल्ड पिकल्ड एवं गैल्वेनाइज्ड लाइन्स जैसे वैल्यू-एडेड सेगमेंट में हमारी कई परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इसी बीच, APL अपोलो ने हमारे सामने एक अनूठा अवसर प्रस्तुत किया है। यह केवल एक बेहद लाभदायक और कुशल कंपनी का अधिग्रहण नहीं है, बल्कि कलर कोटेड उत्पादों के क्षेत्र में भविष्य का कारोबार खड़ा करने का एक मजबूत आधार भी है। इसके लिए सीजी टेक इंजीनियरिंग के साथ विशेष कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरिंग समझौता किया गया है। यह कंपनी एपीएल अपोलो के प्रमोटर्स द्वारा संचालित है। श्री संजय गुप्ता और उनकी टीम ने तेजी, सक्रियता और कुशलता के साथ डाउनस्ट्रीम उत्पादन क्षमता विकसित करने का अनुभव साबित किया है। भविष्य में यह साझेदारी टाटा स्टील और एपीएल अपोलो, दोनों के लिए रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण होगी।इस कारोबार में विकास की संभावनाएं अपार हैं। टाटा स्टील के कारोबार के हस्तांतरण से एपीएल अपोलो को पहले दिन से ही विकास का लाभ मिलेगा। इसके अलावा, भविष्य में इसके 1.55 करोड़ टन क्षमता वाली एक बेहद लाभदायक डाउनस्ट्रीम कंपनी बनने की पूरी संभावना है।

मूडीज ने भारत के वित्त वर्ष 2026-2027 के लिए GDP वृद्धि का अनुमान बढ़ाकर 7% किया
फेयरफैक्स की योजना: आईडीबीआई बैंक को वैश्विक पहुंच वाला बड़ा वित्तीय सेवा समूह बनाएगी कंपनी