जिले में प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित, कुल 15,11,805 मतदाता शामिल
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 कार्यक्रम के तहत आज 05 अगस्त को पूर्वी सिंहभूम जिले की प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन सभी संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों द्वारा किया गया। इसके साथ ही मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने, संशोधन एवं स्थानांतरण के लिए दावा एवं आपत्ति दर्ज करने की प्रक्रिया भी प्रारंभ हो गई है, जो 05 अगस्त से 04 सितंबर 2026 तक चलेगी। इस मौके पर समाहरणालय सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री राजीव रंजन ने पूरी प्रक्रिया एवं आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के गणना चरण के दौरान जिले के कुल 19,07,244 मतदाताओं में से 5,57,321 मतदाताओं का सत्यापन स्वंय (Mapped as Self), 7,53,556 मतदाताओं का सत्यापन माता-पिता/वंशज से (Mapped as Progeny) किया गया, जबकि 2,00,928 मतदाता मैप नहीं हो सके।
इस अवधि में 3,95,439 मतदाताओं का सत्यापन नहीं हो पाया, जिनमें 49,448 मृत, 1,83,558 अनुपलब्ध/अनुपस्थित, 1,45,462 स्थायी रूप से स्थानांतरित, 3,382 अन्य श्रेणी तथा 13,589 पहले से नामांकित मतदाता शामिल हैं। प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के अनुसार जिले में कुल 15,11,805 मतदाता हैं, जिनमें 7,52,533 पुरुष, 7,59,206 महिला तथा 66 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। वहीं जिले में कुल 13,441 दिव्यांग मतदाता पंजीकृत हैं। मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने, संशोधन अथवा स्थानांतरण के लिए पात्र नागरिक निर्धारित प्रपत्रों में आवेदन कर सकते हैं। 01 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र नागरिक भी आवश्यक घोषणा-पत्र के साथ प्रपत्र-6 भरकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।दावा व आपत्तियों के लिए 05 अगस्त से 04 सितंबर 2026 तक अवधि निर्धारित की गई है। वहीं 05 अगस्त से 03 अक्टूबर तक नोटिस चरण के अंतर्गत दावा एवं आपत्ति को संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी/ सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी/ अतिरिक्त निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी द्वारा निष्पादित किया जाएगा। मतदाताओं की सुविधा के लिए 08 एवं 09 अगस्त तथा 22 एवं 23 अगस्त 2026 को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां बीएलओ द्वारा आवेदन प्राप्त किए जाएंगे।
निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 25 अगस्त से 04 सितंबर 2026 तक बीएलओ द्वारा होम-टू-रोल वेरिफिकेशन अभियान चलाया जाएगा। वहीं 15 अगस्त 2026 को संबंधित पंचायत भवनों एवं शहरी वार्ड क्षेत्रों में ग्राम सभा/बैठकों का आयोजन कर मतदाता सूची के संबंध में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 07 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा सहायता के लिए मतदाता हेल्पलाइन 1950, ECINET मोबाइल ऐप अथवा भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट का उपयोग किया जा सकता है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में सक्रिय सहयोग करें तथा यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र मतदाता मताधिकार से वंचित न रहे।

भागलपुर में देसी कट्टा, कारतूस के साथ संदिग्ध गिरफ्तार
जेपी गोलंबर पर छात्रों-पुलिस में झड़प, बैरिकेड तोड़ डाकबंगला पहुंचे प्रदर्शनकारी
सिंहभूम चैंबर ने मुख्यमंत्री से समयबद्ध कार्रवाई की अपील, कहा— हवाई संपर्क से बदलेगी कोल्हान की रफ्तार
सारण में फाइनेंस कर्मी की सिर में गोली मार कर हत्या, लोगों ने मढ़ौरा-खौरा मुख्य सड़क किया जाम
जिले में “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” कार्यक्रम का आयोजन
चोरी के शक में युवक की हत्या, रस्सी से बांधकर बेरहमी से पीटाई; अस्पताल में मृत घोषित