Nora Fatehi पर 3 करोड़ का मानहानि केस, चार्टर्ड फ्लाइट का वीडियो पोस्ट करना पड़ा भारी
नोरा फतेही एक कानूनी विवाद में घिर गई हैं। एविएशन कंपनी ड्यून्स एविएशन ने एक्ट्रेस के खिलाफ 3 करोड़ रुपये की मानहानि का मुकदमा दायर किया है। कंपनी ने गांधीनगर की अदालत में यह मामला दाखिल करते हुए आरोप लगाया है कि नोरा ने उसके चार्टर्ड विमान को लेकर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं, जिसका कंपनी की छवि और कारोबार पर असर पड़ा।
PTI के मुताबिक, कंपनी का आरोप है कि नोरा ने अपने सोशल मीडिया वीडियो में विमान को ‘लेगो एयरप्लेन’, ‘छोटा’ और ‘खिलौना’ बताया था। ड्यून्स एविएशन का दावा है कि एक्ट्रेस की टिप्पणियों के बाद कुछ ग्राहकों ने अपनी बुकिंग रद्द कर दी। कंपनी ने यह भी दावा किया है कि उसकी बुकिंग में करीब 15 से 20 प्रतिशत की गिरावट आई। मामले की अगली सुनवाई 25 सितंबर को सीनियर सिविल जज आर. अग्रवाल के समक्ष होगी।
मामला पिछले साल दिसंबर की एक यात्रा से जुड़ा है। मुकदमे के अनुसार, नोरा फतेही ने मुंबई से जयपुर जाते समय सेसना सिटेशन CJ2 विमान के अंदर कुछ वीडियो रिकॉर्ड किए थे। बाद में इन वीडियो को इंस्टाग्राम पर साझा किया गया। कंपनी का कहना है कि वीडियो में विमान के आकार को लेकर की गई टिप्पणियों से उसकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा और इसी आधार पर अब 3 करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग की गई है।
ड्यून्स एविएशन ने अदालत में दावा किया है कि नोरा की सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में फॉलोअर्स हैं, इसलिए उनके बयान का असर व्यापक स्तर पर हुआ। कंपनी के अनुसार, वीडियो सामने आने के बाद बुकिंग रद्द होने के मामले बढ़े और कारोबार प्रभावित हुआ। कंपनी ने इसे अपनी गुडविल को पहुंचा नुकसान बताया है।
अप्रैल में दाखिल मुकदमे में एविएशन कंपनी ने आरोप लगाया कि नोरा ने विमान के बारे में पर्याप्त तकनीकी जानकारी और तथ्यों की पुष्टि किए बिना अपनी राय सार्वजनिक की। कंपनी ने उनकी टिप्पणियों को गैर-जिम्मेदाराना और लापरवाही भरा बताया है।
वहीं, ड्यून्स एविएशन ने विमान की सुरक्षा और वैधता को लेकर भी सफाई दी है। कंपनी के मुताबिक, सेसना सिटेशन CJ2 एक सामान्य और मानक विमान है, जो नोरा की यात्रा के लिए उपयुक्त था। कंपनी का दावा है कि विमान DGCA से प्रमाणित है, उड़ान के लिए सुरक्षित है और वैध NSOP के तहत संचालित किया जाता है।
कंपनी ने 3 करोड़ रुपये के हर्जाने के साथ अदालत से संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट और कंटेंट हटाने का निर्देश देने की मांग भी की है। इसके अलावा नोरा फतेही से सार्वजनिक रूप से स्पष्टीकरण देने की मांग की गई है। अब मामले में आगे की सुनवाई 25 सितंबर को होगी और आरोपों पर अंतिम फैसला अदालत की कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।

फ़िल्म ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफ़िस पर 150 करोड़ रुपये कमाए
साईं बाबा के किरदार में नजर आएंगे संजय मिश्रा
फ़िल्म ‘मिर्ज़ापुर: द मूवी’ ने बॉक्स ऑफ़िस पर 100 करोड़ रुपये कमाए
‘हनुमान अंश’ ने चौंकाया! 2026 की सरप्राइज ब्लॉकबस्टर बनी कम बजट वाली फिल्म
रश्मिका मंदाना की फिल्म ‘मैसा’ की रिलीज डेट का ऐलान
बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ‘हनुमान अंश’ का जलवा