झारखंड में मेडिकल यूनिवर्सिटी खोलेगी सरकार
झारखंड में मेडिकल शिक्षा से जुड़ी एक अहम प्रशासनिक पहल के तहत राज्य की पहली मेडिकल यूनिवर्सिटी की स्थापना की प्रक्रिया शुरू हो गई है। राज्य सरकार के निर्णय के बाद मेडिकल कॉलेजों के शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्य एकीकृत ढांचे में संचालित किए जा सकेंगे। इसके लिए सरकार ने झारखंड मेडिकल यूनिवर्सिटी बोर्ड का गठन कर दिया है। यूनिवर्सिटी के अस्थायी संचालन के लिए रांची के ब्रांबे स्थित पंचायती राज विभाग द्वारा निर्मित पूर्व सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड परिसर को चिह्नित किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि परिसर में उपलब्ध आधारभूत संरचना और स्थान मेडिकल यूनिवर्सिटी के संचालन के लिए उपयुक्त है। गुरुवार को स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, संयुक्त सचिव ललित मोहन शुक्ल सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों ने ब्रांबे परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद परिसर को अस्थायी रूप से मेडिकल यूनिवर्सिटी संचालन के लिए उपयुक्त बताया गया। प्रस्तावित मेडिकल यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति राज्य के मुख्यमंत्री होंगे। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बताया कि राज्य में मेडिकल यूनिवर्सिटी के अभाव में अब तक मेडिकल कॉलेजों के पंजीकरण, फैकल्टी नियुक्ति, परीक्षा संचालन और अकादमिक नियंत्रण से जुड़े कार्य विभिन्न विश्वविद्यालयों के माध्यम से किए जाते रहे हैं। मेडिकल यूनिवर्सिटी के गठन के बाद ये सभी कार्य राज्य की अपनी यूनिवर्सिटी के माध्यम से संचालित होंगे। अधिकारियों के अनुसार, मेडिकल यूनिवर्सिटी के माध्यम से राज्य के सभी सरकारी और निजी मेडिकल कॉलेजों का पंजीकरण किया जाएगा। फैकल्टी की नियुक्ति, परीक्षाओं का आयोजन और अकादमिक निगरानी भी इसी के तहत होगी। यूनिवर्सिटी के अंतर्गत नर्सिंग और पैरामेडिकल पाठ्यक्रमों के संचालन की भी व्यवस्था की जाएगी। अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने बताया कि वर्तमान में राज्य में 10 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं। भविष्य में पीपीपी मॉडल और सरकारी प्रयासों के माध्यम से मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़ाई जाने की योजना है। सभी मेडिकल कॉलेज मेडिकल यूनिवर्सिटी के अकादमिक और प्रशासनिक नियंत्रण में होंगे। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, पहले रिनपास क्षेत्र में मेडिकल यूनिवर्सिटी के संचालन का प्रस्ताव था, लेकिन अब ब्रांबे परिसर को अस्थायी रूप से चुना गया है। अगले 6 से 7 महीनों के भीतर मेडिकल यूनिवर्सिटी का संचालन शुरू किए जाने की तैयारी है।

झारखंड मुक्ति मोर्चा ने असम चुनावों के लिए २१ उम्मीदवारों की सूची जारी की
झारखंड सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए १,२०० से अधिक डॉक्टरों की करेगी नियुक्ति
झारखंड में हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना आईएमडी ने इस सप्ताह के अंत में गरज के साथ बौछारें पड़ने का भी अनुमान लगाया
महिला सशक्तिकरण के कार्यों के लिए झारखंड की विधायक कल्पना सोरेन ब्रिक्स सीसीआई पुरस्कार से सम्मानित
झारखंड के हजारीबाग में टीएसपीसी के आठ माओवादी गिरफ्तार
झारखंड ने जी-रैम को नकारा मनरेगा के स्वरूप को बनाए रखने पर जोर