रांची समेत झारखंड के 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, फिर बदलेगा मौसम
झारखंड में बारिश का दौर एक बार फिर तेज हो सकता है। यूपी की ओर से लौट रहे साइक्लोनिक सर्कुलेशन और बंगाल की खाड़ी में बन रहे निम्न दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से राज्य के कई जिलों में मौसम बदलने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र ने 12 सितंबर तक बारिश, वज्रपात और तेज हवा को लेकर अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 9 सितंबर को रामगढ़, गिरिडीह, देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, जामताड़ा, धनबाद, बोकारो, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान कई स्थानों पर वज्रपात की भी आशंका है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
रांची और आसपास के इलाकों में बुधवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी हो सकती है। इससे पहले मंगलवार को राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में छिटपुट बारिश देखने को मिली थी।
10 सितंबर को रांची समेत रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो, गिरिडीह और धनबाद में मौसम खराब रह सकता है। इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।
11 सितंबर को गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार में भारी बारिश का अनुमान है। इसके बाद 12 सितंबर तक झारखंड के कई हिस्सों में बारिश और वज्रपात जारी रहने की संभावना बनी हुई है।
इस बीच, मंगलवार को सिमडेगा और रामगढ़ में वज्रपात की अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई। सिमडेगा के बांसजोर प्रखंड के कछुपानी गांव में 45 वर्षीय सुनीता डुंगडुंग वज्रपात की चपेट में आ गईं। वहीं, रामगढ़ के बलसगरा कठरेहवा निवासी 50 वर्षीय नरेश महतो की भी वज्रपात से मौत हो गई। बताया गया कि घटना के समय नरेश महतो मवेशी चरा रहे थे।
रांची में इस साल अब तक सामान्य से करीब 13 फीसदी अधिक बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में बारिश का दौर जारी रहने पर राज्य के कई हिस्सों में बारिश का आंकड़ा और बढ़ सकता है।

देश के कई राज्यों में बारिश की संभावना, IMD ने मौसम का अलर्ट जारी किया
अगले 24 घंटे बेहद अहम, झारखंड और बंगाल में मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट
झारखंड में 13 से 15 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट, तेज हवाओं को लेकर मौसम विभाग ने किया सतर्क
झारखंड के कई ज़िलों में अगस्त की शुरुआत से ही रुक-रुक कर बारिश
6 से 8 अगस्त: झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश-वज्रपात का अलर्ट जारी