टाटा स्टील कलर्स दुर्घटना में घायल मजदूर को नहीं मिला सहयोग, न्याय के लिए एटक लीगल सेल पहुंचा
टाटा स्टील कलर्स (ब्लूस्कोप) में 21 जून 2026 को हुई औद्योगिक दुर्घटना का मामला अब एटक के लीगल सेल तक पहुंच गया है। एटक ने आरोप लगाया कि दुर्घटना में घायल ठेका मजदूर को प्रबंधन, यूनियन और ठेकेदार की ओर से अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा है। संगठन ने मजदूर को वैधानिक मुआवजा, सामाजिक सुरक्षा और पुनर्वास का लाभ दिलाने की मांग की है।
गुरुवार को बंगाल क्लब में आयोजित एटक लीगल सेल की प्रेस वार्ता में मजदूरों के शोषण, असुरक्षित कार्यस्थल और औद्योगिक दुर्घटनाओं के मामलों में श्रम कानूनों के कथित उल्लंघन पर चिंता जताई गई। लीगल सेल के अध्यक्ष व वरिष्ठ अधिवक्ता दिलीप कुमार महतो ने कहा कि ठेका मजदूरों के वेतन, रोजगार रिकॉर्ड, सामाजिक सुरक्षा और कार्यस्थल की सुरक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता जरूरी है।
लीगल सेल के सचिव गिरीश कुमार सिंह ने टाटा स्टील कलर्स में हुई दुर्घटना का उल्लेख करते हुए बताया कि काम के दौरान एक ठेका मजदूर का हाथ कोहनी के नीचे से कट गया था। उन्होंने कहा कि घायल मजदूर का इलाज कराना आवश्यक है, लेकिन इसके साथ उसे कानून के तहत मिलने वाले मुआवजे, सामाजिक सुरक्षा और पुनर्वास का अधिकार भी मिलना चाहिए।
सुरक्षा मानकों के ऑडिट की मांग
एटक कोल्हान प्रमंडल के महासचिव अम्बुज ठाकुर ने कहा कि “कानून किताब में नहीं, मजदूर के जीवन में दिखाई देना चाहिए।” उन्होंने औद्योगिक प्रतिष्ठानों और ठेका एजेंसियों के रिकॉर्ड की जांच के साथ सुरक्षा मानकों का नियमित ऑडिट कराने की मांग की।
एटक ने दुर्घटना की निष्पक्ष जांच और वैधानिक रिपोर्टिंग, कार्यस्थल की सुरक्षा व्यवस्था तथा दुर्घटना में शामिल मशीनरी की जांच की मांग की है। इसके अलावा ठेकेदार के लाइसेंस, मजदूर की नियुक्ति एवं वेतन रिकॉर्ड, ईएसआई-पीएफ की स्थिति, वैधानिक मुआवजा और घायल मजदूर के पुनर्वास की भी जांच कराने की मांग रखी गई। संगठन ने कहा कि यदि मामले का उचित समाधान नहीं किया गया तो श्रम विभाग और न्यायिक मंचों के समक्ष कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर एटक संरक्षक बीरेंद्र कुमार सिन्हा, उप महासचिव हीरा अटकने, उपाध्यक्ष धनंजय शुक्ला, लीगल सेल के उपाध्यक्ष शशि भूषण कुमार और सह सचिव सूरज कुमार उपस्थित थे।

टीवीएस जुपिटर को मिले डुअल-टोन स्पेक्ट्रल कलर्स और नई टेक्नोलॉजी के फीचर्स
स्मिथ एंड जोन्स ने रसिका दुगल की विशेषता वाला नया पास्ता मसाला अभियान शुरू किया
अब WhatsApp से करें बिजली-गैस समेत 30 तरह के बिलों का भुगतान, ऐसे करें पेमेंट
टाटा स्टील गम्हरिया में बोनस समझौता संपन्न, 672 कर्मचारियों को मिलेगा 4.71 करोड़ रुपये
सिर्फ ₹36,099 से शुरू कीमत, 65kmph की टॉप स्पीड; Ather-Hero से अलग ये EV है खास
अगस्त में GST कलेक्शन ₹2 लाख करोड़ तक पहुँचा