भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में मारी एंट्री
भारत ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 फाइनल का टिकट कटा लिया है। रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम इंडिया ने मंगलवार को टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को 4 विकेट से धूल चटाई। ऑस्ट्रेलिया ने दुबई के मैदान पर 265 रनों का लक्ष्य दिया, जिसे भारत ने 48.1 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर चेज कर लिया। भारत ने पांचवीं बार चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में एंट्री मारी है। विराट कोहली (84) ने कंगारुओं की बखिया उधेड़ी और भारत का 14 साल का गम मिटाया। दरअसल, भारत ने लंबे समय से आईसीसी टूर्नामेंटों के नॉकआउट मुकाबलों में कंगारुओं से मिले जख्म पर मरहम लगाया है। भारत ने 2011 वर्ल्ड कप के क्वार्टर फाइनल के बाद पहली बार ऑस्ट्रेलिया को नॉकआउट मैच में हराया है। भारत ने साथ ही 2023 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में मिली हार का हिसाब चुकता कर लिया। भारत अब 9 मार्च को दुबई में फाइनल खेलेगा। चैंपियंस ट्रॉफी का दूसरा सेमीफाइनल बुधवार (5 मार्च) को साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच लाहौर में होगा।
लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने सधी हुई शुरुआत की। रोहित और शुभमन गिल ने पहले विकेट के लिए 30 रन जोड़े। गिल 8 रन बनाकर पांचवें ओवर में बेन ड्वार्शुइस का शिकार बन गए। रोहित ने 29 गेंदों में तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 28 रन जोड़े। उन्हें कूपर कोनोली ने आठवें ओवर में एलबीडब्ल्यू आउट किया। ऐसे में स्टार बल्लेबाज कोहली ने मोर्चा संभाला। उन्होंने श्रेयस अय्यर के साथ तीसरे विकेट के लिए 91 रनों की अहम साझेदारी की। हालांकि, अच्छी लय में नजर आ रहे अय्यर फिफ्टी से चूक गए। उन्होंने 62 गेंदों में तीन चौकों की बदौलत 45 रन बनाए। उन्हें एडम जम्पा ने 27वें ओवर में बोल्ड किया। कोहली ने 53 गेंदों में अपने वनडे करियर का 74वां अर्धशतक कंप्लीट किया। उन्होंने अक्षर पटेल (30 गेंदों में 27) के संग चौथे विकेट के लिए 44 रन जोड़े। नाथन एलिस ने अक्षर को 35वें ओवर में बोल्ड किया।
केएल राहुल ने लगाया विजयी छक्का
भारत के चार विकेट 178 रन पर गिरने के बाद कंगारुओं ने हावी होने की कोशिश की मगर कोहली ने केएल राहुल के साथ बखूबी पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 47 रनों की पार्टनरशिप की। कोहली 52वें वनडे शतक की ओर बढ़ रहे थे पर जम्पा ने उन्हें पवेलियन भेज दिया। कोहली ने 43वें ओवर में ड्वार्शुइस को कैच थमाया। उन्होंने 98 गेंदों में पांच चौकों की मदद से 84 रनों की पारी खेली। कोहली को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। कोहली के जाने के बाद राहुल आखिर तक टिके रहे। उन्होंने हार्दिक पांड्या (24 गेंदों में 28, एक चौका, तीन सिक्स) के साथ 34 रन की साझेदारी की। लग रहा था कि दोनों भारत की जीत की नैया पार लगाकर लौटेंगे लेकिन हार्दिक 48वें ओवर में एलिस के जाल में फंस गए। राहुल 34 गेंदों में 42 रन बनाकर नाबाद रहे, जिसमें दो चौके और इतने ही छक्के शामिल हैं। उन्होंने ग्लेन मैक्सवेल के खिलाफ छक्का जड़कर भारत को जीत दिलाई।

राष्ट्रमंडल खेल: जदुमणि सिंह ने मुक्केबाजी में जीता रजत पदक
बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से लिया संन्यास
15 साल के वैभव सूर्यवंशी का ICC रैंकिंग में धमाका 230 पायदान की छलांग लगाकर पहुंचे करियर-बेस्ट 48वें स्थान पर
एसपीएसबी इंटर स्टील प्लांट स्विमिंग चैंपियनशिप 2026 में टाटा स्टील बनी ओवरऑल चैंपियन
नवल टाटा हॉकी अकादमी के कैडेट बिक्रम सोरेंग और नवीन प्रसाद का भारतीय सेना (अग्निवीर) में चयन
पी.वी. सिंधु ने रचा इतिहास, अकाने यामागुची को हराकर जीता जापान ओपन 2026 का खिताब