छठ पर दूधिया रोशनी से जगमगाएंगे गंगा घाट:47 हजार अस्थायी लाइटें लगाएगा नगर निगम, 75 वार्डों में अतिरिक्त स्ट्रीट लाइट लगाने का काम शुरू
दीपावली और छठ महापर्व को देखते हुए पटना नगर निगम ने शहर में रोशनी की व्यवस्था मजबूत करने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। इसके तहत शहर की सड़कों, गलियों, मोहल्लों और सार्वजनिक स्थलों के साथ गंगा घाटों पर भी अतिरिक्त लाइटें लगाई जाएंगी। घाटों और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों पर करीब 47 हजार अस्थायी लाइटें लगाने की तैयारी है। वहीं, शहर के सभी वार्डों में अतिरिक्त स्ट्रीट लाइट लगाने का काम भी शुरू हो गया है।
इस अभियान के तहत सभी वार्डों के लिए पहली खेप में कुल 1800 अतिरिक्त स्ट्रीट लाइटें उपलब्ध कराई गईं। नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने विद्युत प्रमंडल और सभी अंचलों को निर्देश दिया है कि लाइट लगाने का काम तय समय-सीमा में प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। उन्होंने काम की गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने पर भी जोर दिया है।
छठ के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए गंगा घाटों और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों पर विशेष प्रकाश व्यवस्था की जाएगी। फिलहाल नगर निगम क्षेत्र के गंगा घाटों और पहुंच पथों पर 50 हाईमास्ट लाइटें और करीब 2200 स्ट्रीट लाइटें लगी हैं। इनके अतिरिक्त महापर्व के लिए लगभग 47 हजार अस्थायी लाइटें लगाई जाएंगी।
इनमें करीब 30 हजार फ्लड लाइट और मेटल लाइट तथा 17 हजार ट्यूबलाइट शामिल हैं। इससे घाटों और आसपास के इलाकों में पर्याप्त रोशनी उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। साथ ही, श्रद्धालुओं को अंधेरे वाले रास्तों से गुजरने में होने वाली परेशानी कम करने का प्रयास किया जाएगा। नगर निगम गंगा घाटों के अलावा शहर के विभिन्न तालाबों और पार्कों में भी विशेष लाइटिंग की व्यवस्था कर रहा है। दीपावली और छठ के दौरान प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर पर्याप्त रोशनी उपलब्ध कराने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।
वहीं, खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत का काम भी अंतिम चरण में है। निगम का लक्ष्य है कि त्योहारों के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों और पूजा स्थलों पर रोशनी की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करना है।

दो हजार करोड़ के पुराने नोटों का जखीरा दिखा 16 लाख ठगे
नेपाल से बिहार पहुंचे ओएसएस सीरीज के 500 के नकली नोट
चक्रवाती तूफान अर्नब से बदला मौसम, तेज बारिश और आंधी का अलर्ट
शिक्षकों को वेतन देने की तैयारी! भागलपुर के 17079 टीचरों का डेटा मिला, 98 लाख गबन के आरोपी का कमरा खुलेगा
पटना में मोबाइल दुकान से 45 लाख की चोरी:शटर काटकर फोन ले उड़े बदमाश
मुजफ्फरपुर के सुंदरपुर में नकली खाद फैक्ट्री का भंडाफोड़, महिला समेत दो गिरफ्तार